
दिल्ली AQI यानी एयर क्वालिटी इंडैक्स डरा रहा है। चांदनी चौक, तालकटोरा गार्डन समेत कई इलाकों में आंकड़ा 400 के करीब पहुंच गया है। इसी चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री या CTI ने कहा है कि राजधानी दिल्ली में दीपावली पर 300 करोड़ रुपये के आसपास पटाखों की बिक्री हुई है। खास बात है कि दिल्ली की हवा को लेकर AIIMS डॉक्टर ने चेतावनी जारी की है। उन्होंने यह तक कह दिया है कि दिल्ली की हवा इंसान के जीवित रहने के लायक नहीं है। ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि दिल्ली में AQI 299 पर पहुंच गया है। ताजा आंकड़े बता रहे हैं कि 59 में से कम से कम 24 स्टेशन ऐसे हैं, जहां AQI 300 से ज्यादा यानी बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है। जबकि, 31 स्टेशन खराब श्रेणी में बने हुए हैं। सिर्फ दो क्षेत्र कैंट और श्री अरबिंदो मार्ग सामान्य श्रेणी में हैं और NSIT द्वारका स्टेशन और आईटीओ ने आंकड़े जारी नहीं किए हैं। इस दौरान सबसे खराब हालत पूसा में हैं, जहां AQI 385 है।
300 करोड़ से ज्यादा के पटाखे बिक गए
सीटीआई की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में दीपावली पर करीब 300 करोड़ रुपये के पटाखों की बिक्री हुई है। साथ ही व्यापारियों ने बताया है कि बीते साल की तुलना में पटाखों की बिक्री 30 फीसदी बढ़ गई है। साथ ही यह भी कहा है कि अधिकांश दुकानों पर स्टॉक त्योहार के एक दिन पहले ही खत्म हो गए थे।
अगले दिन मामूली सुधार
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति की एक रिपोर्ट के मुताबिक, त्योहार के दिन शहर के 26 निगरानी केंद्रों में से 19 पर शोर का स्तर पिछले साल की तुलना में अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, रिपोर्ट में की गई चार वर्षों की तुलना के अनुसार, दिवाली के दिन और उसके अगले दिन सुबह दर्ज किए गए एक्यूआई के स्तर संबंधित वर्षों की तुलना में सबसे अधिक रहे।
डॉक्टर क्या बोले
दिल्ली के हालत देखकर डॉक्टर भी हैरानी जता रहे हैं कि इस हवा में इंसानों की जीवित रहना मुश्किल है। AIIMS के डॉक्टर विजय हड्डा ने सोमवार को कहा, ‘जो AQI तीन फिगर्स में होती थी, अब चार में पहुंच गई है। दुनियाभर में यही चर्चा हो रही है कि भारत का सबसे प्रदूषित शहर कौन सा है, तो दिल्ली है। फिर आप देखोगे तो दिल्ली और बाकी शहरों में आधे का फर्क है। जो भी यहां पर पर रह रहे हैं, उनकी जिंदगी आसान तो नहीं होने वाली।’
उन्होंने कहा, ‘आप जहर का धुआं अंदर लेते रहोगे, तो हर मिनट में कम से कम 20 बार और हर बार में कम से कम आधा लीटर आप रहे हैं तो पूरे दिन में कितना जा रहा होगा। मैं तो हैरान हूं कि हम जिंदा हैं, नहीं तो मुझे नहीं लगता कि ऐसी हवा में इंसान के जीवित रहने जैसी हवा है। पक्का यकीन है मुझे कि जैसे जैसे समय निकलेगा इस हवा का असर दिखेगा।’
उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों से जब आप सांस ले रहे होंगे, तो आपको लगता होगा कि कुछ भारी भारी हवा अंदर जा रही है। आपका गला हमेशा सूखा रहता होगा। हमेशा साफ करने का मन करता होगा, नाक बंद होगी और आपका साफ करने का मन करता होगा। आंखों में जलन होगी और पानी आ रहा होगा। कुछ तो आज ही दिख रहे हैं, लेकिन डर लंबे समय तक होने वाले असर का है। जो आज नहीं दिख रहे। जो खतरनाक हवा है, इसमें जो जहरीली गैस है। जो हमारे शरीर के अलग अलग अंगों में किस तरह का असर डाल रहे होगे, वो बड़ी मुश्किल है…।’






