
मशहूर अभिनेता रहे जनसेना पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का तलाक होने होने जा रहा है। 55 साल के पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने शादी के 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने सोमवार देर रात एक साझा बयान जारी कर अपने रिश्ते को खत्म करने की घोषणा की है। दोनों ने अपने बयान में कहा है कि जिंदगी का एक अहम हिस्सा साथ बिताने के बाद, उन्होंने आपसी समझ और सम्मान के साथ एक-दूसरे से अलग होने का फैसला लिया है। हालांकि, दोनों ने अलग होने की असल वजहों का खुलासा नहीं किया है। उन्होंने शुभचिंतकों से इस दौरान निजता का सम्मान करने की अपील की है। साथ ही उन्होंने इस सफर में साथ देने वाले सभी लोगों के प्रति दिल से आभार जताया है।
आपसी सहमति से लिया फैसला
जनसेना पार्टी के सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से इस मुद्दे पर बातचीत चल रही थी। सूत्रों ने पुष्टि की है कि दोनों ने फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल कर दी है। यह फैसला पूरी तरह से आपसी सहमति से लिया गया है। वहीं दोनों ने यह भी साफ किया कि भले ही उनका वैवाहिक रिश्ता खत्म हो रहा है, लेकिन वे अपने बच्चों के प्रति माता-पिता की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। दोनों ने स्पष्ट किया कि उनके बच्चों की खुशी, भलाई और उनका भविष्य हमेशा उनकी साझा प्राथमिकता रहेगा।
पवन कल्याण की थी तीसरी शादी
बता दें कि पवन कल्याण की यह तीसरी शादी थी। उन्होंने 2013 में अन्ना से शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं। वहीं इससे पहले उन्होंने अभिनेत्री रेणु देसाई से दूसरी शादी की। वे रेणु देसाई से 2011 में अलग हो गए थे और 2012 में उनका तलाक हो गया था। उनकी पहली शादी विशाखापत्तनम की नंदिनी नाम की महिला से 1997 में हुई थी। दोनों 1999 में अलग हो गए थे और 2008 में उनका आधिकारिक रूप से तलाक हो गया था।






