
सपा नेता व एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर विवादित बयान दिया. राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में रविवार को मौर्य ने रामभद्राचार्य की बीमारी पर तंज कसते हुए कहा कि सच्चे भक्त होते तो अस्पताल में नहीं, आश्रम में होते.
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह जीवन और मौत से जूझ रहे हैं. इससे साफ है कि विज्ञान ही सच है, यह उनको समझ आ गया है.
मौर्य ने कहा कि हजारों सालों से आदिवासी, दलित, पिछड़ों का शोषण हो रहा है. उन्हें मंदिर नहीं जाने दिया गया. हमारे समाज के लोग इंजीनियर, डॉक्टर, आईएएस, आईपीएस न बन पाएं, इसलिए उन्हें पढ़ाई से रोका गया. यह कार्य अब भी चल रहा है. दलितों, पिछड़ों का अधिकार छीना जा रहा है. धर्म के नाम पर समाज को अब नए तरीके से ठगा जा रहा है.
भाजपा पर हमला बोला स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा के लोगों की आदत है, हमला करना, अराजकता फैलाना. हम मानवतावादी विचारधारा के हैं. इतिहास गवाह है जब भी समाज के महापुरुष आगे बढ़े हैं, उन पर कभी पत्थर बरसाए गए तो कभी उनका रास्ता रोका गया, लेकिन महापुरुष रुके नहीं. हम ऐसे लोगों को भी माफ कर देते हैं, ताकि कभी तो उनकी समझ में आएगा सही और गलत क्या है.
सपा नेता का विरोध, दिखाए काले झंडे
सपा नेता और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य का रविवार को करन चौराहे पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और काले झंडे दिखाए. पुलिस की मौजूदगी में उनकी गाड़ी के शीशे पर हाथ से प्रहार किया गया. पुलिस हरकत में आई तो लोग इधर-उधर हो गए. पुलिस उनके काफिले को लेकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंची. सपा नेता मौर्य जिला मुख्यालय में आयोजित राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन में शामिल होने के लिए यहां आए थे.






