
भाजपा के साथ एनडीए में आकर फिर से मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार दिल्ली आए बिहार के मुख्यमंत्री व जद (यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की. नीतीश ने मुलाकातों के बाद साफ किया कि बीच में एक दो बार जरूर इधर-उधर हो गए थे, लेकिन अब एनडीए में ही रहेंगे.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह दिल्ली दौरा राज्य विधानसभा में 12 फरवरी को विश्वास मत हासिल करने के पांच दिन पहले हुआ है. जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार के एनडीए में शामिल होने और भाजपा के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाने के बाद भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ उनकी यह पहली मुलाकात थी.
लोकसभा सीटों पर अभी चर्चा का कोई तुक नहीं इस मुलाकात के बाद नीतीश ने लोकसभा सीटों के तालमेल के सवाल पर कहा कि लोकसभा चुनाव की सीटों के मसले पर अभी बातचीत करने की कोई तुक नहीं है, यह तो सब बात तो उन सबको पता है. सूत्रों के अनुसार इन मुलाकातों में राज्य में राज्यसभा चुनाव से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई है. गौरतलब है कि सोमवार को भाजपा नेता व बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी. नीतीश कुमार के इस दौरे में भाजपा से वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मिलने की भी संभावना है. आडवाणी को हाल ही में भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा की गई है.






