
भारत मंडपम में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 10 वर्षों में जो हासिल किया वह एक पड़ाव मात्र है. मंजिल तक पहुंचाने का नया विश्वास है. अभी देश के लिए और हर भारतीय के जीवन को बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करना है. इसके लिए बहुत से निर्णय अभी बाकी है.
प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अगले सौ दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नए उत्साह, नया विश्वास और नए जोश के साथ काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आज 18 फरवरी है और इस कालखंड में जो युवा 18 वर्ष के पड़ाव पर पहुंचे हैं वह देश की 18वीं लोकसभा का चुनाव करने वाले हैं. अगले 100 दिन हम सबको जुट जाना है. जब सबका प्रयास होगा तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीट भी भाजपा को ही मिलेगी.
लंबी छलांग लगानी है : अगले पांच वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को हासिल करने के लिए लंबी छलांग लगानी है, लेकिन इसके लिए पहली शर्त सरकार में भाजपा की जोरदार वापसी है. उन्होंने कहा जो लोग अब भी भाजपा से दूर हैं उन तक हमें पहुंचना है. सबका साथ, सबका विकास ही हमारा मंत्र है. उन्होंने कहा कि अब देश छोटे सपने नहीं देख सकता है और न ही देश अब छोटे संकल्प ले सकता है.
मोदी ने कहा कि हमें भारत को विकसित बनाना है. अगले पांच वर्षों में पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है. मोदी ने कहा कि अगली बार राजग सरकार, 400 पार के नारे लगा रहे हैं. राजग को 400 पार करने के लिए भाजपा को 370 के मील का पत्थर पार करना ही होगा.
सभी मुख्यमंत्रियों को भावी चुनावी टास्क भी दिया
भाजपा केवल राष्ट्रीय अधिवेशन की दो दिन की खुली बैठक तक ही सीमित नहीं रही. इस दौरान पार्टी ने कई अंदरुनी बैठकें भी विभिन्न स्तरों पर की है. अधिवेशन के पहले राष्ट्रीय पदाधिकारी की बैठक की तो अधिवेशन खत्म होने के ठीक बाद मुख्यमंत्री परिषद की बैठक की. इसमें पार्टी के सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मौजूद रहे. सभी मुख्यमंत्रियों को उनके राज्यों की समीक्षा के साथ भावी चुनावी टास्क भी दिया गया. पार्टी ने देशभर में जो विस्तारक तैनात किए उनके साथ भी मंथन किया और उनको बताया कि भावी रणनीति को किस तरह से जमीन पर अमल में लाना है.
सोशल मीडिया ज्यादा प्रभावी
इस समय सोशल मीडिया ज्यादा प्रभावी है इसलिए पार्टी ने सोशल मीडिया की टीम के साथ ही अलग से बैठक की. भाजपा ने ऐसा कोई भी मोर्चा नहीं छोड़ा जहां पार्टी की कोई कोर कसर बाकी रह सके. भाजपा अति आत्मविश्वास से भी बच रही है और विश्वास को भी कम नहीं होने दे रही है.
भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ का नारा दिया है. राष्ट्रीय अधिवेशन से इस नारे को लेकर देशभर से आए भाजपा के कार्यकर्ता अपने-अपने चुनावी क्षेत्र के लिए रवाना हो गए हैं. अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को जोश से भरकर उनके चुनाव क्षेत्र में भेजना था. दो दिन में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और सबसे आखिर में प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं को न केवल जोश भरा, बल्कि विपक्षी दावों की काट के लिए तमाम तर्क और फिर एक बार मोदी सरकार का नारा भी दिया.






