
कीव . यूक्रेन पर हमले के दो साल पूरे होने से पूर्व रूस ने उसके अवदिवका शहर पर कब्जा कर लिया. खुद रूसी रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है. रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने बताया कि रूसी बल अवदिवका कोक एवं रसायन संयंत्र पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है.
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में सैनिक संयंत्र की एक इमारत पर रूसी झंडा फहराते हुए देखे जा सकते हैं. यूक्रेन के सैन्य प्रमुख ने कहा कि उन्होंने पूर्वी यूक्रेन में स्थित अवदिवका शहर से सैनिक वापस बुला लिए हैं, जहां बड़ी संख्या में सैनिकों ने पिछले चार महीनों में रूसी हमले का माकूल जवाब दिया. यूक्रेन के कमांडर कर्नल जनरल ओलेक्जेंडर सिरस्की ने फेसबुक पर एक संक्षिप्त बयान पोस्ट कर कहा कि उन्होंने यह फैसला घेरेबंदी से बचने और सैनिकों के जीवन की रक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है. कमांडर इन चीफ ने कहा कि सैनिकों को दूसरे माकूल स्थानों पर भेजा जा रहा है. हमारे सैनिकों ने पूरी निष्ठा के साथ अपना सैन्य कर्तव्य निभाया और सर्वश्रेष्ठ रूसी सैन्य इकाइयों को नष्ट करने का हर संभव प्रयास किया. हमारी सेना ने संख्याबल और उपकरणों के मामले में भी दुश्मन को काफी नुकसान पहुंचाया है.यूक्रेन के सैन्य प्रमुख के इस वक्तव्य के ठीक कुछ देर बार रूस के रक्षा मंत्री ने शहर पर कब्जे की घोषणा की.
‘ जिंदगी मौत का मामला’
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को प्रसारित टिप्पणियों में कहा कि यूक्रेन में युद्ध के मैदान की घटनाएं रूस के लिए जिंदगी और मौत का मामला हैं, जो उनके भाग्य का निर्धारण करती हैं. पुतिन ने कहा, यूक्रेन के मोर्चे पर जो कुछ भी हो रहा है उनके लिए यह उनकी सामरिक स्थिति में सुधार है.
रूस में मार्च में होने हैं राष्ट्रपति चुनाव
शहर पर कब्जे की घोषणा का समय इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 24 फरवरी को यूक्रेन पर मॉस्को के हमले के दो वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, जिससे सैनिकों का आत्म विश्वास बढ़ेगा साथ ही मार्च में रूस में राष्ट्रपति चुनाव भी होने हैं.






