
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बेरोजगारी और महंगाई समेत कई मुद्दों पर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में किए वादों का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता में आए तो एक झटके में देश से गरीबी को मिटा देंगे.
राजस्थान के अनूपगढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि कांग्रेस सरकार देश के हर गरीब परिवार की महिला के बैंक खाते में (एक साल में) एक लाख रुपये ट्रांसफर करेगी. अगर आप गरीबी रेखा से नीचे हैं, तो हर साल एक लाख रुपये आता रहेगा और एक झटके से हम देश से गरीबी मिटा देंगे. कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि यह आम चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है. उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि किसान अपनी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मांग रहे हैं. युवा रोजगार मांग रहे हैं. महिलाएं महंगाई से राहत चाहती हैं, लेकिन कोई नहीं सुन रहा. यह चुनाव पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और सामान्य जाति के गरीबों का है. किसी से भी पूछो, देश में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है, महंगाई दूसरा बड़ा मुद्दा है. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए गए. उन्होंने दावा किया कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा ने चुनावी बॉन्ड के माध्यम से बड़े उद्योगपतियों से पैसा लिया है.





