
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीएस बिभव कुमार को आम आदमी पार्टी (आप) सांसद स्वाति मालीवाल से कथित मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने आज हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस की टीम बिभव को फिलहाल सिविल लाइंस थाना ले लेकर गई है.
स्वाति मालीवाल ने बिभव कुमार पर 13 मई को उनके साथ सीएम हाउस के अंदर मारपीट करने का आरोप लगाया था. स्वाति की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को इस संबंध में आरोपी बिभव कुमार के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी. इसके बाद से ही दिल्ली पुलिस की कई टीमें बिभव कुमार को तलाश कर रही थीं.
आप’ की राज्यसभा सांसद द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में बिभव कुमार कई बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए गए हैं. दिल्ली पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, बिभव कुमार ने कथित तौर पर स्वाति मालीवाल को कई बार लात और थप्पड़ मारे. स्वाति मालीवाल ने बिभव पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.
दिल्ली पुलिस ने सीएम केजरीवाल के आवास से विभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. उन्हें सिविल लाइन्स थाने लेकर जाया गया है. विभव कुमार का कहना है कि उन्हें मीडिया के जरिए एफआईआर की जानकारी मिली है. वहीं, विभव कुमार ने भी ईमेल के जरिए पुलिस से शिकायत की है. विभव ने अपील की है कि उनकी शिकायत पर दिल्ली पुलिस संज्ञान ले. विभव का यह भी कहना है कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है.
स्वाति मालीवाल की मेडिकल जांच में चोट की पुष्टि
स्वाति मालीवाल ने विभव कुमार पर गंभीर आरोप लगाया है. स्वाति मालीवाल का कहना है कि जब वह सीएम केजरीवाल के आवास पर पहुंचीं तो उनके साथ विभव कुमार ने बदसलूकी की और उनके साथ मारपीट की. उधर, स्वाति मालीवाल की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली.
एफआईआर के बाद एम्स में स्वाति मालीवाल की मेडिकल जांच कराई गई. जिसकी रिपोर्ट में यह बताया गया है कि स्वाति के बाएं पैर और दाईं आंख के नीचे चोट के निशान हैं. स्वाति ने सिर दर्द और गर्दन अकड़ने की भी शिकायत की है.






