
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए MDMA ड्रग के साथ तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.73 ग्राम MDMA ड्रग जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। तीनों युवतियों को शंकर नगर चौक के पास आधी रात को ड्रग डिलीवरी के दौरान पकड़ा गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुलिस को ड्रग सप्लाई की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए शंकर नगर चौक पर तीन युवतियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 14.73 ग्राम MDMA ड्रग बरामद हुई।
ड्रग सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मामले में खम्हारडीह थाना में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार युवतियां ड्रग कहां से लेकर आई थीं और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच के दौरान ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस आज करेगी मामले का खुलासा
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस आज पूरे मामले का विस्तृत खुलासा करेगी। फिलहाल गिरफ्तार युवतियों से पूछताछ और ड्रग के स्रोत का पता लगाने की कार्रवाई जारी है। पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।






