
बिलासपुर। न्यायधानी में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित धूरीपारा का है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपने जीजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में समीर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं आरोपी साले ओमप्रकाश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, समीर खान अमूल दूध की गाड़ी चलाता है। करीब डेढ़ साल पहले उसने मोहल्ले में रहने वाली कमलेश्वरी कश्यप उर्फ सनाया को भगाकर शादी कर ली थी। उस समय युवती नाबालिग थी, जिसके चलते समीर को जेल भी जाना पड़ा था। जेल से छूटने के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी के साथ मजार से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना पत्नी के भाई ओमप्रकाश कश्यप से हो गया। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गई। आरोप है कि ओमप्रकाश ने समीर पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं आरोपी के परिजनों का दावा है कि चाकू से हमला करने से पहले समीर के साथ मारपीट की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की आशंका को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।






