
गुजरात के भरूच में रविवार को रैली करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (AAP) के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने जनता से अपनी पार्टी को एक मौका देने की मांग की। चंदेरिया में आयोजित ‘आदिवासी संकल्प सम्मेलन’ के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सत्ताधारी भाजपा पर 27 साल में गुजरात को बदहाल कर देने का आरोप लगाया। साथ ही अपनी पार्टी को मौका मिलने पर गुजरात में भी दिल्ली और पंजाब जैसा गवर्नेंस मॉडल लागू करने की बात कही।
पंजाब में अपनी पार्टी की विशाल जीत के बाद केजरीवाल पहली जन रैली में हिस्सेदारी कर रहे थे। उन्होंने जनता से कहा कि अगर 5 साल में गुजरात के स्कूलों और प्रशासन को नहीं सुधार दिया तो हमें यहां से भगा देना। इस रैली में अरविंद केजरीवाल ने गुजरात चुनावों के लिए क्षेत्रीय दल भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) के साथ गठबंधन का ऐलान किया। छोटूभाई वासवा की पार्टी BTP ने ही इस सम्मेलन के आयोजन की जिम्मेदारी संभाली।
दिल्ली के स्कूलों जैसे बनाएंगे गुजरात के स्कूल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, 27 साल से गुजरात में BJP की सरकार है और 27 साल में उन्होंने यहां के स्कूलों का बुरा हाल कर दिया। इन्हें और 5 साल दे दो फिर भी यहां कुछ नहीं होगा।
उन्होंने कहा, गुजरात में 6,000 से ज्यादा सरकारी स्कूल बंद पड़े हुए हैं। दूसरे स्कूल बुरी हालत में है। लाखों बच्चों का भविष्य संकट में है। हम इस भविष्य को बदल सकते हैं, जिस तरीके से हमने दिल्ली के स्कूलों को बदला है।