राजनांदगांव में रविवार सुबह जमकर बवाल हुआ। उपद्रवियों ने एक ढाबे पर हमला कर दिया। जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए। वहां रखी कुर्सियां और अन्य सामान तोड़ डाला। उपद्रवियों ने ढाबा संचालक और उसके भाई पर धारदार हथियार से भी वार किया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। खास बात यह है कि शहर में उपद्रव होता रहा और पुलिस को पता तक नहीं चला। अब फोर्स तैनात है। अभी FIR दर्ज नहीं की गई है।
राजनांदगांव-दुर्ग नेशनल हाईवे पर दीपक यादव का ‘हमारा ढाबा’ के नाम से ढाबा संचालित होता है। सुबह करीब 5.30 बजे 15-20 युवक ढाबे पर चाय पीने के लिए पहुंचे थे। चाय पीने के बाद जब बिल दिया गया तो युवक भड़क गए। ढाबा संचालक से ज्यादा रुपए लेने की बात कहते हुए विवाद शुरू हो गया। ढाबा संचालक दीपक ने बिल सही होने की बात कही। इसके बाद युवक रुपए देकर चले गए और मामला शांत हो गया।
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़-दो घंटे बाद 150 से 200 लोगों की भीड़ पहुंची और ढाबे पर हमला कर दिया। इससे पहले कि ढाबा संचालक दीपक और उसका भाई गौरव कुछ समझ पाते भीड़ ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। इतने सारे लोगों को एक साथ देख ढाबे में काम कर रहे कर्मचारियों के होश उड़ गए। वह जान बचाकर वहां से भाग निकले। इस दौरान लोगों ने संचालक दीपक और उसके भाई को पकड़ लिया। दोनों को जमकर पीटा और धारदार हथियार से वार किया।
291 1 minute read