
दुर्ग के सिद्धार्थ नगर ग्राउंड में वारदात, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम; परिजनों को हत्या में अन्य लोगों के शामिल होने का संदेह
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नगर निगम के सफाईकर्मी अविनाश परिहार उर्फ नासो (26) की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर स्थित ग्राउंड में हुई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लिया है। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, अविनाश शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर पर नाश्ता करने पहुंचे थे। इसके बाद वे नगर निगम की ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकल गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पत्नी पद्मा निर्मलकर ने परिचितों से उनके बारे में पूछताछ की। इस दौरान जानकारी मिली कि अविनाश कुछ लड़कों के साथ सिद्धार्थ नगर स्थित ग्राउंड में बैठे हैं।
भांजे ने दो युवकों को चाकू से हमला करते देखने का किया दावा
मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे मामा के घर पहुंचा था। मामी से जानकारी मिलने के बाद वह बताए गए स्थान पर पहुंचा। अरमान के मुताबिक, वहां पहुंचने पर उसे मामा की आवाज सुनाई दी। वह दौड़कर मौके पर पहुंचा तो अविनाश जमीन पर पड़े थे और दो नाबालिग उन पर चाकू से हमला कर रहे थे। उसे देखकर दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अविनाश को तत्काल अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों को अन्य लोगों के शामिल होने का संदेह
मृतक के परिजनों ने हत्या में केवल दो नाबालिगों की संलिप्तता होने पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि वारदात के पीछे अन्य लोगों की भूमिका भी हो सकती है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कर हत्या में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और इस वारदात में अन्य कोई शामिल था या नहीं, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।






