
रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 121 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक लागत के 38 विकास कार्यों की सौगात दी। दोनों नेताओं ने इन कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
कुल 38 विकास कार्यों में करीब 79.25 करोड़ रुपये की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन और लगभग 42.46 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 15 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
22 किलोमीटर सड़क का होगा निर्माण
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपये की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा और चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा करीब 15.30 करोड़ रुपये की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा। अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित अन्य सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
कार्यक्रम के दौरान शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्यों को भी शामिल किया गया है।
कई सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण
लोकार्पित प्रमुख कार्यों में मालखरौदा क्षेत्र में करीब 14.35 करोड़ रुपये की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क निर्माण शामिल है।
इसके अलावा करीब 11.35 करोड़ रुपये की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। बुंदेली-अड़भार मार्ग को भी जनता को समर्पित किया गया।
पुलिस और प्रशासनिक सुविधाओं को भी मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप सहित कई अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। चंद्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन भी जनता को समर्पित किए गए।
इसके साथ ही डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।






