
साल 2025 के आखिरी दिन, बुधवार को राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चपेट में रही। कोहरे के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सुबह से ही कम विजिबिलिटी के चलते कुल 300 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 148 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 78 आगमन और 70 प्रस्थान शामिल थे। इसके अलावा करीब 200 उड़ानें देरी से संचालित हुईं और 2 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा।कोहरे की वजह से ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा है, जिसके चलते दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम (AQEWS) ने 31 दिसंबर और 1 जनवरी को वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने की चेतावनी दी है। इस स्थिति के पीछे प्रतिकूल वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम हवा की गति मुख्य कारण हैं।
इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर जांचें। दिल्ली के IGI एयरपोर्ट ने बताया कि घने कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन CAT III प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है, जिससे देरी या रद्दीकरण की संभावना बनी हुई है। एयरपोर्ट की ओर से कहा गया: “हमारी ग्राउंड टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों की मदद कर रही हैं। ताजा जानकारी के लिए यात्री अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें। असुविधा के लिए हमें खेद है।”





