
बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह ने ओडिशा के जाजपुर जिले स्थित ऐतिहासिक गडमधुपुर शाही महल का अचानक दौरा किया। उनकी मौजूदगी की खबर फैलते ही महल परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और यह सदियों पुराना ऐतिहासिक स्थल एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया।
अरिजीत सिंह अपने परिवार के सदस्यों और साथियों के साथ गडमधुपुर शाही महल पहुंचे। सोशल मीडिया पर महल की भव्य वास्तुकला, जमींदारी दौर की विरासत और राजसी इतिहास से जुड़ी तस्वीरें देखकर वे पहले से ही इस स्थान से काफी प्रभावित थे, जिसे वे प्रत्यक्ष रूप से देखने की इच्छा रखते थे।
दौरे के दौरान गडमधुपुर शाही परिवार की वर्तमान वंशज अपर्णा धीर सिंह भारद्वाज ने अरिजीत सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने महल की बारीक नक्काशी, कलात्मक संरचना और इसके ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
महल भ्रमण के बाद अरिजीत सिंह स्कूटर से पास ही स्थित गडमधुपुर जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। यह मंदिर पुरी के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर बनी अपनी विशिष्ट वास्तुकला के लिए जाना जाता है। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और मंदिर की गहरी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से महसूस किया।
अरिजीत सिंह के इस दौरे से क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान मिली है, वहीं स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।






