
अपनी अनूठी आवाज से हिंदी पार्श्व गायन में अलग मुकाम हासिल करने वालीं दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया. वह 92 वर्ष की थीं. आशा भोसले को शनिवार शाम को सीने में संक्रमण और कमजोरी के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. आशा भोसले का अंतिम संस्कार सोमवार को किया गया. सुबह 11 बजे से उनका पार्थिव शरीर लोअर परेल स्थित कासा ग्रांडे में अंतिम श्रद्धांजलि के लिए रखा गया. फिर शाम करीब 5:15 बजे शिवाजी पार्क में किया गया. जहां पूरे राजकीय सम्मान और विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. ‘आशा ताई अमर रहें’ के गूंजते नारों के बीच उनके बेटे आनंद ने उन्हें मुखाग्नि दी. यह एक ऐसा क्षण था जब लगा मानो संगीत की दुनिया की धड़कन रुक गई हो. फिलहाल आशा ताई पंचतत्व में विलीन हो गई हैं.
यह पल संगीत जगत के लिए बेहद भावुक और अपूरणीय क्षति का प्रतीक बन गया। आशा भोसले के जाने से एक युग का अंत हो गया है, लेकिन उनकी आवाज और गीत हमेशा श्रोताओं के दिलों में जीवित रहेंगे।
आशा का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उनके मुंबई निवास कासा ग्रांडे में रखा गया था. आशा के अंतिम दर्शन के लिए सेलेब्स पहुंचे. आशा भोसले के अंतिम दर्शन के लिए रणवीर सिंह, तबु, राकेश रोशन, जौकी श्रॉफ, हेलेन, उदित नारायण, सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद सिरा, अनुराधा पौडवाल, रितेश देशमुख जैसे सितारे पहुंचे. आशा भोसले के जाने से उनके परिवारवाले टूट गए हैं. आशा की पोती जनाई भोसले का रो-रोकर बुरा हाल है. अंतिम दर्शन के दौरान सेलेब्स ने जनाई को हौंसला दिया और उन्हें शांत करवाया.






