
संजय निरुपम को कांग्रेस ने बुधवार को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया. पार्टी विरोधी बयानबाजी के कारण उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई. निरुपम ने उद्धव ठाकरे की पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर टिप्पणी की थी.
इससे पहले, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने मुंबई में पार्टी की प्रचार समिति की बैठक में भाग लेने के बाद मीडिया से कहा कि कांग्रेस ने निरूपम का नाम स्टार प्रचारकों की सूची से हटा दिया है. एमवीए बैठक के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांगली, भिवंडी और मुंबई में कुछ सीटें चाहती है.
कांग्रेस को अल्टीमेटम इस बीच, संजय निरूपम ने भी एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस को अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने लिखा है कि एक सप्ताह का समय पूरा हो गया है और अब कल मैं खुद फैसला ले लूंगा. अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा कि कांग्रेस पार्टी मेरे लिए ज्यादा ऊर्जा और स्टेशनरी नष्ट ना करे, बल्कि अपनी बची-खुची ऊर्जा और स्टेशनरी का इस्तेमाल पार्टी को बचाने के लिए करे. वैसे भी पार्टी भीषण आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही है.
गौरतलब है कि संजय निरुपम अपनी पसंदीदा लोकसभा सीट मुंबई उत्तर पश्चिम से टिकट न मिलने के लिए नाराज हैं. इस सीट पर शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट ने अपने उम्मीदवार को उतारा है.






