
राजधानी दिल्ली के अमर कॉलोनी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या के मुख्य आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के मुताबिक, आरोपी को द्वारका स्थित एक होटल से पकड़ा गया। आरोपी पहले IRS अधिकारी के घर में घरेलू कर्मचारी के रूप में काम करता था, लेकिन करीब दो महीने पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। घटना के बाद से ही वह पुलिस के शक के दायरे में था। जांच एजेंसियों का कहना है कि दिल्ली में इस अपराध को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले उसने राजस्थान के अलवर में दोस्त की पत्नी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था, जिसकी रिपोर्ट वहां दर्ज की जा चुकी है।
दिल्ली में एयर पॉल्यूशन से निपटने के लिए बड़ा कदम, IIT दिल्ली के नेतृत्व में होगी एडवांस्ड स्टडी
पुलिस के मुताबिक, उसने इस अपराध को अंजाम देने से पहले पूरी रात यात्रा की और फिर सीधे वारदात को अंजाम दिया। जांच में सामने आया है कि मीणा किराए की वैन लेकर रातभर सफर करता हुआ दिल्ली पहुंचा था। राजधानी पहुंचने के बाद वह सीधे IRS अधिकारी के घर गया, जहां उसने इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया। इस बीच, जब बुधवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम राजस्थान के अलवर पहुंची, तो वहां एक और सनसनीखेज जानकारी सामने आई। पुलिस को बताया गया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे मीणा के एक परिचित की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसी रात मीणा ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस खुलासे के बाद आरोपी की आपराधिक गतिविधियों की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस अब दोनों मामलों रेप और हत्या को जोड़कर जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा सके।





