
Kolkata Case News: पश्चिम बंगाल के आंदोलन कर रहे जूनियर डॉक्टरों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर RG कर अस्पताल के मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। चार पन्नों का यह पत्र पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट द्वारा लिखा गया है, जिसकी प्रतियां उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को भी भेजी गई हैं।
इस पत्र में जूनियर डॉक्टरों ने बताया कि उन्होंने 9 अगस्त को हड़ताल शुरू की थी, जब अस्पताल के सेमिनार रूम में एक महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु का शव मिला था। उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या की गई थी। इसके बाद से डॉक्टर काम रोक कर विरोध कर रहे हैं। पत्र में लिखा गया है कि एक राष्ट्र प्रमुख के रूप में वे उनसे आग्रह कर रहे हैं कि इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान दें ताकि उस साथी को न्याय मिल सके जिसके साथ गलत कार्य हुआ है, और हम सभी डॉक्टर बिना किसी डर के अपना काम कर सकें।
जूनियर डॉक्टरों ने लिखा कि इस मुश्किल समय में उनका हस्तक्षेप उनके लिए उम्मीद की एक किरण होगा, जो उन्हें इस अंधेरे से बाहर निकालने का रास्ता दिखाएगा। आंदोलनकारी डॉक्टर अनिकेत महतो ने बताया कि इस पत्र का मसौदा इस महीने की शुरुआत में तैयार किया गया था और इसे गुरुवार रात भेजा गया है






