
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा युवाओं की आजीविका छीनने का प्रयास कर रही है. ममता ने राज्य में कांग्रेस और सीपीआई (एम) को भाजपा की आंख व कान करार दिया.
घाटल से एक चुनावी रैली में ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा राज्य में युवाओं की नौकरी खा रही है. क्या आपने अदालत द्वारा इतने सारे लोगों को बेरोजगार किए जाने के बाद भाजपा, सीपीआई (एम) और कांग्रेस के नेताओं के चेहरे पर खुशी देखी है? ज्ञात हो कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने राज्य संचालित स्कूलों में राज्य स्तरीय चयन परीक्षा-2016 के माध्यम से की गई 25,753 शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्तियों को रद्द करने का आदेश दिया और चयन प्रक्रिया को अमान्य घोषित कर दिया था.
ममता ने कहा कि मैं फैसले पर टिप्पणी नहीं करना चाहती, न ही जजों के बारे में कुछ कहना चाहती हूं. लेकिन 26,000 युवाओं की नौकरियां छीनने के बाद आप उनसे 12 ब्याज के साथ वेतन वापस करने के लिए कह रहे हैं. क्या आप इस तरह नौकरियां ले सकते हैं? मुख्यमंत्री ने कहा कि कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा, सीपीआई (एम), कांग्रेस के नेताओं की प्रतिक्रियाओं से साजिश स्पष्ट है.
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी भाजपा 10 लाख लोगों की भर्ती के राज्य सरकार के फैसले को रोकने के लिए फिर से साजिश कर रही है.






