
उत्तराखंड में 27 जनवरी से समान नागरिक संहिता (UCC) लागू हो गई है, जिससे यह देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है। राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने UCC पोर्टल की शुरुआत करेंगे, जो कानून की जानकारी और आवेदन की सुविधा प्रदान करेगा।
UCC: क्या है और क्यों है खास?
समान नागरिक संहिता (UCC) का मतलब है, देश के सभी नागरिकों के लिए विवाह, तलाक, संपत्ति और उत्तराधिकार जैसे मुद्दों पर एक समान कानून। वर्तमान में इन मुद्दों पर धर्म विशेष के अलग-अलग निजी कानून लागू होते हैं। UCC लागू होने से सभी धर्मों के लोगों पर एक ही कानून लागू होगा।
मुख्य बदलाव जो UCC से आएंगे
विवाह और तलाक के एक जैसे नियम:
- लड़के के लिए शादी की न्यूनतम उम्र 21 और लड़की के लिए 18 वर्ष होगी।
- सभी धर्मों में पति-पत्नी को तलाक का समान अधिकार मिलेगा।
- विवाह और तलाक का पंजीकरण अनिवार्य होगा।
संपत्ति में समान अधिकार:
बेटा-बेटी और पत्नी को संपत्ति में समान अधिकार मिलेगा।
विशेष परंपराओं पर रोक:
- मुस्लिम समुदाय में हलाला और इद्दत प्रथा पर रोक लगाई जाएगी।
- पति-पत्नी के जीवित रहते दूसरा विवाह प्रतिबंधित होगा।
लिव-इन रिलेशनशिप:
- लिव-इन में रहने वालों को पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
- लिव-इन से पैदा हुए बच्चों को जैविक संतान जैसे अधिकार मिलेंगे।
- बिना पंजीकरण लिव-इन में रहने पर 6 महीने की सजा या ₹25,000 जुर्माना।
UCC पोर्टल की खासियत
UCC पोर्टल पर नागरिकों को कई सुविधाएं मिलेंगी, जैसे:
- विवाह और तलाक का पंजीकरण।
- लिव-इन संबंधों की जानकारी।
- बिना वसीयत के संपत्ति का उत्तराधिकार।
- शिकायत पंजीकरण और अपील की सुविधा।
कैसे बना यह कानून?
मुख्यमंत्री धामी ने 2022 के चुनाव में UCC का वादा किया था। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय समिति बनाई गई।
- समिति ने 72 बैठकें कीं और 20 लाख सुझाव लिए।
- विधेयक 7 फरवरी 2024 को विधानसभा में पेश हुआ और 8 फरवरी को पास हुआ।
- 11 मार्च 2024 को राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद इसे 12 मार्च को अधिसूचित किया गया।
अन्य राज्यों की योजना
उत्तराखंड के बाद असम और कुछ अन्य राज्य भी UCC लागू करने पर विचार कर रहे हैं।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
कांग्रेस ने इसे “पायलट प्रोजेक्ट” बताया और कहा कि इसे सहमति के बिना लागू किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने सवाल उठाया कि क्या UCC राज्य-विशिष्ट हो सकता है?