
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध के हालात का असर अब अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। यूएई एयरपोर्ट अथॉरिटी के नए निर्देशों के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 15 मार्च 2026 को दुबई और अबू धाबी जाने वाली कई उड़ानों को रद्द कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक दुबई के लिए चलने वाली छह उड़ानों में से पांच को रद्द कर दिया गया है, जबकि अबू धाबी के लिए संचालित सभी उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
एयर इंडिया ने बताया कि दिल्ली-दुबई मार्ग पर अब केवल एक रिटर्न फ्लाइट ही संचालित होगी, जबकि बाकी उड़ानों को फिलहाल रद्द कर दिया गया है। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई जाने वाली छह में से पांच उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और अबू धाबी के लिए चलने वाली सभी पांचों उड़ानें भी बंद कर दी गई हैं।
एयरलाइन के अनुसार शारजाह और रास अल खैमाह के लिए कुछ उड़ानें संचालित की जा सकती हैं, लेकिन यह एयरपोर्ट स्लॉट और परिचालन की स्थिति पर निर्भर करेगा।
उड़ानों के रद्द होने से भारत और यूएई के बीच यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें।






