लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस शुक्रवार को चुनाव घोषणा पत्र जारी करेगी. घोषणा पत्र में पार्टी पांच न्याय में 25 गारंटियों के वादे के साथ कई वादे करने की तैयारी कर रही है. घोषणा पत्र के वादों को मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए पार्टी बुधवार को ही घर-घर अभियान शुरू कर चुकी है.
पार्टी कांग्रेस मुख्यालय में पांच अप्रैल को घोषणा पत्र जारी करेगी. कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. इसके साथ पार्टी ने सभी प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं को भी बुलाया है. कांग्रेस कार्य समिति के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया है. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस घोषणा पत्र को आम मतदाताओं तक पहुंचाने की पूरी कोशिश करेगी. इसलिए पार्टी ने चुनाव प्रचार शुरू करने के साथ घोषणा पत्र जारी करने का फैसला किया है. इसके बाद पार्टी सभी चुनावी रैलियों में न्याय के वादों को दोहराएगी. इसके लिए पार्टी ने करीब 10 करोड़ न्याय कार्ड छपवाए हैं. इसके साथ पार्टी इस बार चुनाव प्रचार पर भी जोर देगी. इंडिया गठबंधन के घटकदलों के साथ पार्टी जहां प्रादेशिक स्तर पर संयुक्त चुनाव प्रचार की तैयारी कर रही है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अगले दो माह लगातार चुनाव प्रचार करेंगे. कई राज्यों में दोनों नेता एक मंच परभी नजर आएंगे.






