राष्ट्र

अफवाह के कारण बांद्रा स्टेशन पर हजारों की भीड़, एनजीओ संचालक को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद मंगलवार को प्रवासी कामगार मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन और ठाणे के मुंब्रा इलाके में अचानक बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर गृहराज्य भेजे जाने की मांग करने लगे। वहां इन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घर भेजने जाने की मांग की थी। इन्हें हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी थी। बांद्रा में जमा करीब 3,000 लोगों की भीड़ को वापस उनके घरों तक भेजने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बताया जा रहा है कि ट्रेन चलने का एक मैसेज वायरल होने के कारण बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पर जुटने लगे थे। वहीं महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि ट्रेनें शुरू होने की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आदेश जारी किए गए हैं। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर भीड़ के इकट्ठा होने के मामले में पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई की। करीब एक हजार मजदूरों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। वहीं, एनजीओ संचालक विनय दुबे को गिरफ्तार और एक पत्रकार को अफवाह फैलाने के आरोप में हिरासत में लिया। आजाद मैदान पुलिस ने दुबे को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने 21 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस का दावा है कि इन्होंने ही अफवाह फैलाई थी कि ट्रेन और बस सेवाएं शुरू हो रही हैं।

इसके बाद शाम को अपने संबोधन में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रवासी कामगारों को आश्वस्त करते हुए कहा, आप अन्य राज्यों से यहां आकर रह रहे हैं तो आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। महाराष्ट्र सरकार आपकी सारी व्यवस्था करेगी। लॉकडाउन का मतलब लॉकअप नहीं है। लॉकडाउन खत्म होते ही राज्य व केंद्र सरकार आपको आपके घर भेजने की व्यवस्था करेगी। लोगों को घबराने की ज़रूरत नहीं है, सरकार उनकी समस्याएं सुलझाने की हर संभव कोशिश कर रही है. बीते 24 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की थी. ये लॉकडाउन 14 अप्रैल यानी मंगलवार को ख़त्म हो रहा था.

aamaadmi.in अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरें

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. aamaadmi.in पर विस्तार से पढ़ें aamaadmi patrika की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

Related Articles

Back to top button