आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की नई सूची जारी, इन्हें भी मिला टिकट

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की नई लिस्ट जारी कर दी है। जिसमें दो दिन पहले पार्टी में शामिल हुए सुखजिंदर राज सिंह लाली मजीठिया को मजीठा विधानसभा से टिकट दी गई है। यहां से अभी अकाली दल के बिक्रम मजीठिया विधायक हैं। पिछली बार लाली मजीठिया कांग्रेस की टिकट पर यहां से चुनाव लड़े थे।
इसके अलावा पूर्व सांसद साधु सिंह की बेटी डॉ. बलजीत कौर को भी मलोट से टिकट दी गई है। वह भी लाली मजीठिया के साथ ही पार्टी में शामिल हुई थी। इसके अलावा आप ने डिप्टी सीएम ओपी सोनी और शिक्षा मंत्री परगट सिंह के विधानसभा क्षेत्र से भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
मजीठा से लाली मजीठिया और मलोट से डॉ. बलजीत कौर के अलावा अमृतसर सेंट्रल से डॉ. अजय गुप्ता को टिकट दी गई है। यहां से अभी पंजाब सरकार में डिप्टी सीएम ओपी सोनी कांग्रेस विधायक हैं। जालंधर कैंट से सुरिंदर सिंह सोढ़ी को टिकट दी गई है। यहां से अभी पंजाब सरकार में शिक्षा मंत्री परगट सिंह कांग्रेस विधायक हैं। इसके अलावा तरनतारन से डॉ. कश्मीर सिंह सोहल को टिकट दी गई है।
आप के 101 उम्मीदवारों की सूची जारी, किसानों से गठजोड़ पर पेंच
आम आदमी पार्टी ने अब पंजाब चुनाव के लिए सबसे ज्यादा 101 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जिसके बाद अब उनके किसानों के संयुक्त समाज मोर्चा से गठजोड़ पर पेंच फंसता दिखाई दे रहा है। चर्चा है कि आप किसानों को उनकी पार्टी में शामिल होकर चुनाव लड़ने के लिए कह रही है।